Headlines

Haldwani: बिना पंजीकरण चल रहे दो होमस्टे पर प्रशासन सख्त, एसडीएम हल्द्वानी के औचक निरीक्षण में मिली अनियमितताएं

Haldwani: बिना पंजीकरण चल रहे दो होमस्टे पर प्रशासन सख्त, एसडीएम हल्द्वानी के औचक निरीक्षण में मिली अनियमितताएं
शेयर करे-

Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में रविवार को उपजिलाधिकारी हल्द्वानी प्रमोद कुमार ने परगना हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित होम स्टे इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान काठगोदाम क्षेत्र स्थित आनंदम होमस्टे, कुमाऊं द्वार होमस्टे एवं बिष्ट जी होमस्टे की व्यवस्थाओं की जांच की गई।

जांच के दौरान आनंदम होमस्टे एवं बिष्ट जी होमस्टे बिना वैध पंजीकरण के संचालित होते पाए गए। उपजिलाधिकारी ने होम स्टे में सफाई व्यवस्था, आगंतुक पंजीकरण रजिस्टर, अभिलेखों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित संचालकों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए नियमानुसार पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वैध पंजीकरण होने तक संबंधित होम स्टे का संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में यदि बिना पंजीकरण संचालन करते हुए पाए गए तो संबंधित होम स्टे को सीलबंद कर नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कुछ होम स्टे संचालक मौके पर मौजूद नहीं मिले, जबकि कुछ इकाइयां बंद अवस्था में पाई गईं। उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि परगना हल्द्वानी एवं जनपद क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे होम स्टे एवं अन्य पर्यटन इकाइयों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा।

उन्होंने सभी संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *