Haldwani: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद नैनीताल में राजस्व विभाग द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत सात माह में राजस्व विवादों के त्वरित निस्तारण में बड़ी सफलता हासिल की गई है। 14 अक्टूबर 2025 से 16 मई 2026 तक संचालित अभियान में कुल 3554 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 3421 मामलों का सफल समाधान कर 96.25 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई। वर्तमान में केवल 133 मामले लंबित हैं, जिन पर प्राथमिकता से कार्रवाई जारी है।
राजस्व परिवर्तन समिति की रिपोर्ट के अनुसार अभियान के दौरान सबसे अधिक पैमाईश से जुड़े 1753 मामले सामने आए, जिनमें 1640 का निस्तारण किया गया। वहीं अवैध कब्जा, अतिक्रमण और मार्गों पर कब्जे से जुड़े 552 मामलों में से 449 मामलों में कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई। खेतों की मेड़ एवं सीमा विवाद के 458 मामलों में से 454 का समाधान कर संबंधित पक्षों को राहत प्रदान की गई।
सार्वजनिक संपत्तियों जैसे नहर, सार्वजनिक रास्तों और सिंचाई गूल पर अतिक्रमण से जुड़े 132 मामलों में से 126 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा नाम संशोधन और अन्य श्रेणी के कुल 598 मामलों का भी समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि सभी तहसीलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनता की राजस्व समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि मार्ग निर्माण में बाधा, अवैध अतिक्रमण, पैमाईश और कुर्रा नक्शों से जुड़े मामलों में राजस्व टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शेष लंबित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण कर लिया जाएगा और आगे भी इसी तत्परता के साथ जनसमस्याओं का समाधान जारी रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
