Haldwani: पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी ने बुद्ध पार्क में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर महंगाई बढ़ाकर आम जनता की कमर तोड़ने का आरोप लगाया और पेट्रोल-डीजल की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम आदमी का जीवन प्रभावित हो रहा है। परिवहन, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एड. गोविंद सिंह बिष्ट ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाकर सरकार ने जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है और केवल प्रचार की राजनीति में व्यस्त है।
उन्होंने कहा कि देश का आम नागरिक महंगाई से त्रस्त है, युवा बेरोजगारी से जूझ रहा है और किसान परेशान हैं, जबकि सरकार बड़े कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी और जनविरोधी नीतियों का विरोध करती रहेगी।
प्रदर्शन में जिला महामंत्री मलय बिष्ट, राजू सुयाल, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इं. सुमित कुमार, हेमन्त साहू, हेम पांडे, मोहन बिष्ट, जाकिर हुसैन, डॉ. मयंक भट्ट, पार्षद मुकुल बलुटिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
