Haldwani: उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, पारंपरिक वाद्य परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से ‘अपनी धरोहर न्यास’ की ओर से उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के सीडीएस जनरल बिपिन रावत बहुउद्देशीय सभागार में ढोल दमाऊ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ढोल दमाऊ, हुड़का सहित पारंपरिक लोकवाद्यों की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता को प्रस्तुतियों के माध्यम से समझाया गया। इस दौरान कलाकारों ने विभिन्न तालों और लयों के जरिए उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं से लोगों को रूबरू कराया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ढोल दमाऊ की पारंपरिक थाप, दीप प्रज्वलन और शगुन आखर के साथ हुआ। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें ढोल दमाऊ की लघु प्रतिकृति स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की गई। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रान्त प्रचारक श्री चन्द्रशेखर जी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उद्घाटन संबोधन में श्रीमती शांति जीना ने कुमाऊँनी भाषा में ‘अपनी धरोहर संस्था’ के उद्देश्यों और सांस्कृतिक संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की शुरुआत स्वयं से होती है। इसके बाद संस्था पर आधारित वृत्तचित्र प्रदर्शित किया गया, जिसमें उसके स्थापना उद्देश्यों और सांस्कृतिक गतिविधियों को दर्शाया गया।
डॉ. सोहन लाल और उनकी टीम ने गणेश वंदना के साथ ढोल दमाऊ की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने विभिन्न तालों और प्रहारों के सांकेतिक महत्व को समझाते हुए बताया कि इन पारंपरिक वाद्यों का उपयोग उत्तराखण्ड के पर्वों, अनुष्ठानों और लोक परंपराओं में किस प्रकार किया जाता है।
यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने ऐसे आयोजनों को सांस्कृतिक चेतना के पुनर्जागरण के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और उस पर गर्व करने का अवसर प्रदान करते हैं।
इसके बाद श्री मोहन लाल और उनकी टीम ने ढोल दमाऊ की प्रस्तुति दी। इसमें उनके आठ वर्षीय पौत्र हितेश कुमार ने भी सहभागिता की। कलाकारों ने कुमाऊँनी संस्कृति में ढोल दमाऊ के शुभ अवसरों, पर्वों और जागर जैसी धार्मिक एवं लोक परंपराओं में होने वाले प्रयोगों की जानकारी दी।
आरएसएस के सह प्रान्त प्रचारक श्री चन्द्रशेखर जी ने भारत और उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विविधता पर प्रकाश डालते हुए परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, सुन्दर दास और उनकी टीम ने हुड़के की प्रस्तुति देकर उत्तराखण्ड की लोक संगीत परंपरा में पारंपरिक वाद्यों की विविधता को प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय की विकास यात्रा पर आधारित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया। इसमें विश्वविद्यालय के विस्तार, क्षेत्रीय अध्ययन केंद्रों में हुए विकास, प्रवेश संख्या में वृद्धि और संस्थान की प्रगति को दर्शाया गया।
कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहानी ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए सभी अतिथियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के शुभ अवसरों और विभिन्न आयोजनों में उत्तराखण्ड की लोक संगीत परंपरा को शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
इसके अलावा ‘बैणी सेना’, ‘साथी’ सहित विभिन्न संगठनों और सांस्कृतिक संस्थाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, संस्कृति प्रेमी और लोक कला के प्रशंसक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन प्रो. राकेश चन्द्र रयाल ने किया। आयोजन व्यवस्था में न्यास के अध्यक्ष विजय भट्ट, सर्व व्यवस्था प्रमुख श्री कृष्ण चन्द्र बेलवाल और व्यवस्था प्रमुख श्री गोपाल सिंह पटवाल सहित आयोजन टीम के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति, पारंपरिक कलाओं के संरक्षण और नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक विरासत पहुंचाने का संदेश दिया गया।


Chief Editor, Aaj Khabar
