Headlines

Kaladhungi: कोटाबाग में आयोजित जन जन की सरकार जन के द्वार शिविर में सैकड़ों लोगों को मिला लाभ, 190 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

Kaladhungi: कोटाबाग में आयोजित जन जन की सरकार जन के द्वार शिविर में सैकड़ों लोगों को मिला लाभ, 190 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
शेयर करे-

Kaladhungi: उत्तराखंड सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत गुरुवार को विकासखंड कोटाबाग में आयोजित “जन जन की सरकार जन के द्वार” वृहद जनकल्याणकारी शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। शिविर में 510 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि 250 शिकायतों में से 190 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

शिविर में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 16 लाभार्थियों को कुल 13 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। वहीं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के अंतर्गत महिलाओं को किट प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 170 लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।

कार्यक्रम में उद्योग, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण, राजस्व, वन, श्रम, विद्युत, पेयजल समेत 27 विभागों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। युवाओं, किसानों और महिलाओं को स्वरोजगार, ऋण, प्रशिक्षण, अनुदान और अन्य योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया।

शिविर में सड़क चौड़ीकरण, नाली निर्माण, झाड़ी कटान, सिंचाई, भूमि कटाव, पेयजल और जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। शेष लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि ऐसे शिविर सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर पारदर्शिता और विश्वास को मजबूत कर रहे हैं।

शिविर में अपर जिलाधिकारी की अदालत में खाद्य सुरक्षा से जुड़े 10 लंबित मामलों का भी निस्तारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने सहभागिता की।

Kaladhungi

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *