Headlines

Nainital: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कुमाऊं मंडल की विकास योजनाओं की समीक्षा की, कैंची धाम बाईपास और किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर पर लिया अपडेट

Nainital: राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कुमाऊं मंडल की विकास योजनाओं की समीक्षा की, कैंची धाम बाईपास और किच्छा एम्स सैटेलाइट सेंटर पर लिया अपडेट
शेयर करे-

Nainital: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को लोक भवन नैनीताल में कुमाऊं मंडल और नैनीताल जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर क्षेत्र की प्रशासनिक, विकासात्मक और पर्यटन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आधारभूत सुविधाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

राज्यपाल ने कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत से मंडल की प्रमुख उपलब्धियों और विकास योजनाओं की जानकारी ली। आयुक्त ने बताया कि कैंची धाम के लिए तैयार किया जा रहा बाईपास लगभग पूरा हो चुका है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारु होगी। उन्होंने यह भी बताया कि किच्छा में निर्माणाधीन एम्स सैटेलाइट सेंटर अगले दो से तीन महीनों में तैयार हो जाएगा, जिससे कुमाऊं क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिले में राजस्व, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, भूमि विवादों के समाधान और होमस्टे संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नामांतरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। अब पटवारी गांवों में चौपाल लगाकर मौके पर खतौनी का वाचन और संशोधन कर रहे हैं, जिससे करीब 25 हजार लाभार्थियों को फायदा मिला है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जन्म और मृत्यु पंजीकरण के लंबित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत लगभग 12 हजार मामलों का समाधान कर शून्य लंबित स्थिति हासिल की गई। वहीं भूमि सीमांकन, मेड़ विवाद और पारिवारिक भूमि बंटवारे जैसे मामलों के समाधान के लिए गठित राजस्व प्रवर्तन समिति अब तक करीब 3400 मामलों का निस्तारण कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि जिले में कई होमस्टे व्यावसायिक होटल की तरह संचालित पाए गए हैं, जो मानकों के विपरीत हैं। ऐसे करीब 300 होमस्टे संचालकों को नोटिस जारी कर निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है।

बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जिले की कानून व्यवस्था, पर्यटन सीजन में यातायात प्रबंधन और पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजामों की जानकारी दी। राज्यपाल ने निर्देश दिए कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रखी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *