Headlines

Haridwar: हरिद्वार जिला अस्पताल की बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, सीएमएस को लगाई कड़ी फटकार (देखें वीडियो)

Haridwar: हरिद्वार जिला अस्पताल की बदहाल सफाई व्यवस्था पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, सीएमएस को लगाई कड़ी फटकार (देखें वीडियो)
शेयर करे-

Haridwar: उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने सोमवार को हरिद्वार जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर बदहाल सफाई व्यवस्था और अव्यवस्थाओं पर अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की स्थिति देखकर मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने सीएमएस आरवी सिंह से नाराजगी जताते हुए कहा, “क्या हालत हैं आपके वॉशरूम की? सफाई करने में क्या प्रॉब्लम है? मजाक बना कर रखा है। अस्पताल कम कूड़ाघर ज्यादा लग रहा है।”

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल हरिद्वार में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने बिना किसी पूर्व सूचना के हरिद्वार जिला अस्पताल का निरीक्षण कर लिया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी, रखरखाव की कमी और अन्य व्यवस्थाओं में कई खामियां सामने आईं। साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उचित जवाब न मिलने पर उन्होंने सीएमएस आरवी सिंह को सख्त चेतावनी देते हुए तत्काल व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए।

मंत्री की नाराजगी के बाद अस्पताल कर्मचारियों में सन्नाटा छा गया। किसी को भी अंदाजा नहीं था कि स्वास्थ्य मंत्री अचानक अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंच जाएंगे। मंत्री ने कहा कि सरकारी और गैरसरकारी अस्पतालों में मरीजों की सुविधाओं और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पतालों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद से सुबोध उनियाल लगातार अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और लापरवाही मिलने पर अधिकारियों को फटकार लगा रहे हैं।

Haridwar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *