Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जिसमें 242 यात्री सवार थे, टेक-ऑफ के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, विमान क्रैश के बाद आसमान में घना काला धुआं फैल गया और एयरपोर्ट के आसपास अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने पुष्टि की है कि यह हादसा मेघानी नगर इलाके के पास हुआ, जो एयरपोर्ट के नजदीक स्थित है। क्रैश के तुरंत बाद विमान में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर भेजी गई हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि इस हादसे में कितने लोगों की जान गई है या कितने घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, विमान ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अहमदाबाद के लिए उड़ान भरी थी। यहां कुछ समय के लिए रुकने के बाद इसे लंदन के लिए रवाना होना था। लेकिन टेक-ऑफ के तुरंत बाद यह हादसा हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू तुरंत अहमदाबाद पहुंच गए हैं। उनके कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, मंत्री डीजीसीए, एएआई, एनडीआरएफ और राज्य प्रशासन के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। बचाव और चिकित्सा टीमें पहले से मौके पर मौजूद हैं और हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।
हादसे के बाद विभिन्न राजनीतिक नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आ रही है। इस त्रासदी को लेकर पूरे देश में चिंता और शोक की लहर है। विस्तृत जानकारी और आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है।
Air India plane crush incidence! pic.twitter.com/RH1qZr4RaM
— Recon & surveillance (@Recon_surv) June 12, 2025
For latest news updates click here
For english news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

