Headlines

Dehradun: ग्रेटर नोएडा से पकड़ा गया 69.90 लाख की साइबर ठगी का आरोपी, निवेश के नाम पर देहरादून की महिला को लगाया था चूना

Dehradun: ग्रेटर नोएडा से पकड़ा गया 69.90 लाख की साइबर ठगी का आरोपी, निवेश के नाम पर देहरादून की महिला को लगाया था चूना
शेयर करे-

Dehradun: देहरादून की एक महिला से शेयर बाजार में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 69.90 लाख रुपये की ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर टीम ने ग्रेटर नोएडा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुनिन्द्र भाटी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से 10 लाख रुपये उसके कोटक बैंक खाते में पहुंचे थे।

पीड़िता हनी सिंह के मुताबिक फेसबुक पर Anand Rathi Shares And Stock Brokers Limited से संबंधित निवेश विज्ञापन के जरिए उनसे संपर्क किया गया। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़कर शेयर बाजार में निवेश से अधिक मुनाफा कमाने का भरोसा दिया गया। आरोपियों के कहने पर पीड़िता ने अलग-अलग बैंक खातों में कई बार रकम ट्रांसफर की। बाद में रकम वापस नहीं मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला।

शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान एसटीएफ साइबर टीम ने ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया।

जांच में पता चला कि ठगी की रकम में से 10 लाख रुपये मुनिन्द्र भाटी के कोटक बैंक खाते में पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस ने खाताधारक की जानकारी जुटाई और मोबाइल नंबर का तकनीकी विश्लेषण किया। आरोपी की लोकेशन गौतमबुद्धनगर में मिलने के बाद एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस की मदद से ओमीक्रॉन-1, ग्रेटर नोएडा स्थित HIG अपार्टमेंट में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

एसटीएफ के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी 10 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने साइबर ठगी में शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी छिपाने का प्रयास किया। उसके मोबाइल फोन और बैंक खाते से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान ठगी के नेटवर्क में शामिल अन्य आरोपियों और रकम के लेनदेन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि शेयर बाजार या अन्य निवेश के नाम पर ज्यादा मुनाफे का लालच देने वाले ऑनलाइन ऑफर से सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते, ओटीपी, मोबाइल या बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा न करें। वित्तीय साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *