Headlines

Uttarakhand: उत्तराखंड में वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, हल्द्वानी समेत कई जिलों में पुतला दहन और नारेबाजी

Uttarakhand: उत्तराखंड में वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, हल्द्वानी समेत कई जिलों में पुतला दहन और नारेबाजी
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड में वोट चोरी के आरोपों और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। देहरादून, नैनीताल, हल्द्वानी, टिहरी, बागेश्वर, रुड़की, रुद्रपुर, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ समेत विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन से जुलूस लेकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार की प्रतीकात्मक अर्थी लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिसमें प्रतीकात्मक अर्थी टूट गई। प्रदर्शनकारियों ने ‘वोट चोर कहां मिलेंगे, बीजेपी दफ्तर में’ जैसे नारे लगाए। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।

हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन कर विरोध जताया। वहीं बागेश्वर में एसबीआई तिराहे पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका।

पिथौरागढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। नैनीताल में तल्लीताल गांधी चौक, हरिद्वार में रानीपुर मोड़ और रुड़की में नगर निगम चौक से तहसील परिसर तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। रुद्रपुर में भी चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।

टिहरी जिले के कंडीसौड़, विधानसभा धनोल्टी में कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन और पुतला दहन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल भी शामिल हुए।

कांग्रेस की ओर से देहरादून के अलावा प्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों में भी विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने जिलों में एकजुट होकर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।

Uttarakhand
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प, प्रतीकात्मक अर्थी ले जाते समय हुई धक्का-मुक्की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *