Headlines

Dehradun: रजत जयंती वर्ष में देहरादून एफआरआई पहुंचे पीएम मोदी, 8260 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

Dehradun: रजत जयंती वर्ष में देहरादून एफआरआई पहुंचे पीएम मोदी, 8260 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष पर देहरादून एफआरआई में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लिए लगभग ₹8260.72 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं उत्तराखंड के विकास की गति को कई गुना बढ़ाएंगी और राज्य को इंफ्रास्ट्रक्चर, सिंचाई, पेयजल, ऊर्जा और कौशल विकास जैसे क्षेत्रों में नए आयाम देंगी।

प्रधानमंत्री ने लगभग ₹7329.06 करोड़ की 19 योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सिंचाई विभाग की सबसे महत्वपूर्ण ₹2491.96 करोड़ की सौंग बांध पेयजल परियोजना और ₹2584.10 करोड़ की जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना शामिल हैं। सौंग बांध परियोजना देहरादून व टिहरी जनपदों में प्रस्तावित है और इसके माध्यम से देहरादून को 150 एमएलडी पेयजल मिलेगा। 130 मीटर ऊंचे बांध से देहरादून शहर की जलापूर्ति व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा।

जमरानी परियोजना नैनीताल जनपद में प्रस्तावित है, जो सिंचाई, पेयजल आपूर्ति और 14 मेगावाट बिजली उत्पादन में सहायक होगी। यह परियोजना 57,065 हेक्टेयर क्षेत्रफल में सिंचाई सुविधा प्रदान करेगी।

प्रधानमंत्री ने जिन अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें चमोली में अलकनंदा नदी के किनारे सुरक्षा कार्य, धारचूला में काली नदी पर बाढ़ सुरक्षा योजना, पीपलकोटी में 400 केवी स्विचिंग उपसंस्थान, टिहरी के घनसाली में 220 केवी उपसंस्थान, शासकीय भवनों में सोलर प्लांट स्थापना, चंपावत के बनबसा में 220 केवी उपसंस्थान, लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, सड़क परियोजनाएं, चौरासी कुटिया का पुनरोद्धार, विभिन्न पॉलिटेक्निक भवनों का निर्माण, टिहरी-देहरादून के पर्यटन कार्य, देहरादून-हल्द्वानी में रैन बसेरा, खानपुर उपजिला चिकित्सालय भवन, कपकोट व कर्णप्रयाग की पेयजल योजनाएं, लालकुआं में 1.50 लाख लीटर क्षमता वाली अत्याधुनिक डेयरी प्लांट, पौड़ी में पेयजल योजना और भरसार विश्वविद्यालय में फेंसिंग कार्य शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ₹931.65 करोड़ की 12 योजनाओं का लोकार्पण भी किया। इनमें प्रमुख परियोजनाओं में पिथौरागढ़ के धारचूला में 220/33 केवी बरम उपसंस्थान, देहरादून में 132 केवी बिंदाल–पुरकुल पारेषण लाइन, सभी जिलों में सोलर पावर प्लांट, देहरादून जलापूर्ति की 23 जोन योजनाएं, विभिन्न पॉलिटेक्निक भवनों का निर्माण, राज्य योजना व केंद्रीय निधि की परियोजनाएं, पिथौरागढ़–बागेश्वर–पौड़ी में पेयजल योजनाएं, बेलपट्टी पम्पिंग पेयजल योजना, ग्वालगांव भूस्खलन उपचार कार्य, बाढ़ सुरक्षा योजनाएं, प्रिसीजन मैन्यूफैक्चरिंग वर्कशॉप और हल्द्वानी स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि उत्तराखंड अपने 25 वर्षों में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मजबूत कनेक्टिविटी, जल-ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर, धार्मिक पर्यटन, वेलनेस सेक्टर और वोकल फॉर लोकल के माध्यम से राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सौंग और जमरानी जैसी मेगा परियोजनाओं को उत्तराखंड के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार उत्तराखंड को अगले दशक में देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में ले जाएगी, और रजत जयंती वर्ष राज्य के विकास की नई उड़ान का संकेत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *