Nainital: नैनीताल में उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ रजत जयंती बड़े हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाई गई। फ्लैट मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और राज्य आंदोलनकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में राज्य आंदोलनकारियों एवं समाजसेवी व्यक्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, उद्योग और सुशासन जैसे क्षेत्रों में राज्य ने 25 वर्षों में महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने रजत जयंती को राज्य निर्माण के वीर आंदोलनकारियों के बलिदान को समर्पित बताया।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि संघर्ष, संकल्प और रचनात्मकता की इस 25 वर्षीय यात्रा ने उत्तराखण्ड को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया है।
नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल ने आंदोलन के दौर के संघर्षों को याद करते हुए समाज में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त की और इसके खिलाफ जनएकजुटता की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालयी बैंड प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और विभागों एवं महिला समूहों द्वारा लगाए गए 24 स्टॉल विशेष आकर्षण रहे। अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण किया।
राज्य आंदोलनकारियों ने अपने संस्मरण साझा किए और शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय, शैलेंद्र सिंह नेगी, एपीडी चंदा फर्त्याल, एसडीएम नवाजिश खालिक सहित अनेक आंदोलनकारी, अधिकारी, कर्मचारी और स्कूली बच्चे कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

