Dehradun: प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। इस घटना के बाद 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि कई घर पूरी तरह मलबे में दब गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र देहरादून पहुंचकर आपदा कंट्रोल रूम से नंदानगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सीएम धामी ने शासकीय आवास पर आपदा प्रबंधन विभाग और अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात की समीक्षा की। उन्होंने प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों को तुरंत उपचार दिलाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा प्रबंधन विभाग को प्रभावित क्षेत्र का शीघ्र स्थलीय निरीक्षण करने को कहा।
इधर, चमोली जिले के धुर्मा और कुंतरी गांवों में भी आपदा से भारी नुकसान हुआ है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्यों में जुटी हैं। कई स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है, लेकिन प्रशासन पैदल मार्ग पार कर घटनास्थल तक पहुंच रहा है।
पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार और जिलाधिकारी ने घटनास्थल पर जाकर हालात का जायजा लिया। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और राहत सामग्री वितरित करने में निरंतर कार्यरत है।

Chief Editor, Aaj Khabar

