Dehradun: प्रदेशभर में लगातार हो रही अतिवृष्टि के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को राज्य आपदा परिचालन केंद्र से हालात की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने मसूरी रोड और किमाड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों की मुख्य सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात को सामान्य बनाया जाए। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार लोगों के आवागमन हेतु वैकल्पिक व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन को शीघ्र सामान्य करने के लिए सभी संबंधित विभागों को युद्धस्तर पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि प्रभावित परिवारों को आपदा मानकों के अनुसार त्वरित आर्थिक सहायता और मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएं।
निरंतर हो रही वर्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में आवागमन बाधित हुआ है, वहां प्राथमिकता के आधार पर वैकल्पिक मार्ग और राहत शिविर स्थापित किए जाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार आपदा की इस घड़ी में पूरी संवेदनशीलता के साथ आपदा पीड़ितों के साथ खड़ी है और जनजीवन को जल्द सामान्य बनाने के लिए सभी संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिल्ला, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, एसएसपी अजय सिंह और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

