Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए स्लोप स्टेबलाईजेशन कार्य योजना हेतु ₹516 करोड़ की योजना को स्वीकृति दी है। इस योजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में ₹40 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करने का अनुमोदन किया गया है।
इसके साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत केंद्रांश की प्रत्याशा में ₹200 करोड़ की धनराशि पुनर्विनियोग के माध्यम से जारी करने की भी स्वीकृति दी गई है, जिससे गतिमान कार्यों को गति मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य के 52 स्थलों पर “देवभूमि रजत जयंती पार्क” के निर्माण हेतु ₹40.49 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अतिरिक्त उत्तराखंड पेयजल निगम को विभिन्न योजनाओं के लिए ₹350 लाख एवं जल संस्थान को ₹150 लाख की राशि अवमुक्त करने का अनुमोदन भी प्रदान किया गया है।
टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में रामझूला सेतु के सुदृढ़ीकरण और सुरक्षा कार्यों के लिए ₹11 करोड़ की योजना को भी मंजूरी दी गई है।
वहीं दूसरी ओर, राज्य सरकार एवं स्वायत्त निकायों/उपक्रमों के उन कर्मचारियों को जो पांचवें व छठे वेतन आयोग के अनुरूप वेतन पा रहे हैं, उनके महंगाई भत्ते की दर में वृद्धि की गई है। पांचवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 455 प्रतिशत से बढ़ाकर 466 प्रतिशत एवं छठे वेतनमान के लिए 246 प्रतिशत से बढ़ाकर 252 प्रतिशत प्रतिमाह कर दिया गया है, जो 1 जनवरी 2025 से प्रभावी होगा।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

