Haldwani: जिलाधिकारी वंदना ने 2 जुलाई को नगर क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वन भूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गोला पुल तक सड़क और सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग द्वारा गोला नदी में कटाव रोकने के लिए 1 करोड़ 87 लाख रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं, वहीं क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और विस्तारीकरण पर 1.48 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हल्द्वानी ट्रेंचिंग ग्राउंड का भी दौरा किया, जहां वर्तमान में पुराने कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लगभग 40 प्रतिशत कूड़े का उठान किया जा चुका है। इस दौरान एनटीपीसी के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि जैसे ही शेष कूड़ा हटा दिया जाएगा, तीन माह के भीतर वहां वेस्ट-टू-कोल प्लांट लगाया जाएगा। यह प्लांट प्रतिदिन के कूड़े से कोयला बनाएगा, जिसे एनटीपीसी अपने थर्मल पावर प्लांट्स में उपयोग करेगा। प्लांट 25 वर्षों तक एनटीपीसी द्वारा संचालित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि पुराने कूड़े को शीघ्र हटाने के लिए अतिरिक्त मशीनें लगाई जाएं ताकि समय पर भूमि एनटीपीसी को सौंपी जा सके।
इसके साथ ही, नगर निगम द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने के लिए पौधारोपण कार्य भी किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने मानसून के दौरान और अधिक पौधे लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने नरीमन तिराहे से गोला पुल तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर किए जा रहे चौड़ीकरण और सुधारीकरण कार्यों का भी जायजा लिया। यह कार्य 4 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसमें यूयूएसडीए द्वारा सुरक्षा दीवारें भी बनाई जा रही हैं। जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, नगर आयुक्त ऋचा सिंह, उप जिलाधिकारी राहुल शाह, एनटीपीसी के परियोजना प्रबंधक सद्दाम हुसैन, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

