Dehradun: देहरादून में आयोजित 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस उत्तराखंड के लिए गौरव का क्षण साबित हुई। इस राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित आयोजन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपर सचिव एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को सुशासन में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया।
यह सम्मान प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शी शासन व्यवस्था और प्रभावी जनसंचार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के माध्यम से बंशीधर तिवारी ने सरकारी नीतियों, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को आम जनता तक सरल, स्पष्ट और प्रभावी ढंग से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।
डिजिटल माध्यमों के बेहतर उपयोग, नवाचार और संवेदनशील संचार रणनीतियों के जरिए उन्होंने सुशासन की अवधारणा को और मजबूत किया है। तकनीक आधारित संचार और नागरिक-केंद्रित सूचना प्रसार ने राज्य की प्रशासनिक छवि को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी है।
उल्लेखनीय है कि देहरादून 13 से 15 दिसंबर तक 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस की मेजबानी कर रहा है। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) द्वारा आयोजित यह सम्मेलन “विकसित भारत @2047: विकास भी, विरासत भी” विषय पर केंद्रित है, जिसमें देशभर से जनसंपर्क, मीडिया और संचार क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन में सुशासन, पारदर्शिता, डिजिटल कम्युनिकेशन और राष्ट्र निर्माण में जनसंपर्क की भूमिका पर गहन मंथन हो रहा है, जिससे उत्तराखंड राष्ट्रीय संवाद के प्रभावी केंद्र के रूप में उभर रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
