Khatima: बहुचर्चित तुषार हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पकड़ने में खटीमा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। खटीमा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कुख्यात आरोपी हाशिम पुत्र अबरार को रविवार देर रात एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाशिम के झनकट क्षेत्र में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि हाशिम तुषार हत्याकांड का मुख्य हमलावर था और वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से मामले की कड़ी मजबूत हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही तलाश का परिणाम है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह खटीमा में आपसी रंजिश के चलते दिनदहाड़े युवक तुषार की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल था। ऐसे में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
