Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने की कुंभ मेला-2027 तैयारियों की समीक्षा, अक्टूबर तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

Dehradun: मुख्यमंत्री धामी ने की कुंभ मेला-2027 तैयारियों की समीक्षा, अक्टूबर तक सभी कार्य पूरे करने के निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से संबंधित सभी तैयारियां हर हाल में अक्टूबर माह तक पूर्ण की जाएं और सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला राज्य की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान से जुड़ा आयोजन है, इसलिए इसकी तैयारी में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। शासन स्तर पर कुंभ से जुड़ी कोई भी फाइल लंबित न रहे, ऐसा न होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सचिव, लोक निर्माण विभाग को 24 घंटे के भीतर कुंभ मेले के लिए तकनीकी पदों पर अधिकारियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुंभ क्षेत्र में बने सभी पुलों का ऑडिट कराने, सभी घाटों के सौंदर्यीकरण व आवश्यकता अनुसार पुनर्निर्माण कराने तथा हर की पैड़ी सहित सभी प्रमुख घाटों पर सुचारु स्नान व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

स्वच्छता व्यवस्था पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने मेला क्षेत्र के लिए विस्तृत स्वच्छता कार्ययोजना बनाने, पर्याप्त शौचालयों और पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, जल पुलिस की तैनाती, ड्रोन, सीसीटीवी और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग के साथ कानून व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की अलग-अलग विस्तृत योजनाएं तैयार करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने कुंभ क्षेत्र में अखाड़ों को भूमि आवंटन समय पर सुनिश्चित करने, मेलाधिकारी द्वारा इसकी सतत निगरानी करने तथा अखाड़ों, मठों, संत समाज, संस्थाओं और स्थानीय लोगों से समन्वय बनाकर उनकी सुझावों के अनुरूप तैयारियां करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही के लिए कुंभ क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने को कहा।

वन विभाग से संबंधित मामलों में शीघ्र अनुमति लेने, अन्य राज्यों के साथ समन्वय स्थापित करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि सभी विकास कार्य कागजों के साथ-साथ धरातल पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई दें। मुख्यमंत्री ने आवास, टेंट सिटी, अस्थायी अस्पताल, एम्बुलेंस और मोबाइल चिकित्सा दल की व्यवस्था समय से पूरी करने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ मेला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा आयोजन है और इसे सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है, ताकि राज्य में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु यहां से सकारात्मक और सुखद अनुभव लेकर जाए।

बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक मदन कौशिक, आदेश चौहान, रेनू बिष्ट, अनुपमा रावत, रवि बहादुर, उत्तराखंड अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव एल. फैनई, आर.के. सुधांशु, शैलेश बगौली, नितेश झा, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *