Dehradun: उत्तराखंड के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की राजनीति में तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है और आने वाले समय में कांग्रेस के वोट प्रतिशत में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के वोट प्रतिशत में साढ़े तीन से साढ़े चार प्रतिशत की कमी आने पर कांग्रेस भाजपा से आगे निकल सकती है।
हरक सिंह रावत ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि वह वर्षों से उत्तराखंड की राजनीति और जनता के रुझान को करीब से देखते आए हैं। मौजूदा परिस्थितियों के आधार पर उन्होंने कांग्रेस के वोट प्रतिशत में बढ़ोतरी की संभावना जताई और कहा कि भाजपा और कांग्रेस के बीच वोटों का अंतर कम होता नजर आ रहा है।
उन्होंने पौड़ी, चमोली और उत्तरकाशी समेत विभिन्न क्षेत्रों का जिक्र करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर लोगों के रुझान में बदलाव महसूस हो रहा है। रावत के अनुसार, चुनाव में अभी समय है और अगले तीन से चार महीनों में राजनीतिक परिस्थितियों में और बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
इस दौरान हरक सिंह रावत ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महेंद्र भट्ट अभी “ख्वाब में जी रहे हैं।” रावत ने पुराने राजनीतिक दौर को याद करते हुए कहा कि जब वह वर्ष 1997 में मंत्री थे, तब महेंद्र भट्ट उनके समर्थन में जिंदाबाद के नारे लगाया करते थे।

Chief Editor, Aaj Khabar
