Headlines

Dehradun: हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कल सीएम आवास कूच करेंगी कुमारी शैलजा

Dehradun: हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल, कल सीएम आवास कूच करेंगी कुमारी शैलजा
शेयर करे-

Dehradun: हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण किए जाने के विवाद को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास कूच करने का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा भी शामिल होंगी।

उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि कुमारी शैलजा तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर आ रही हैं। 7 सितंबर को प्रस्तावित मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए वह पार्टी नेताओं के साथ रणनीति पर चर्चा करेंगी। इसके साथ ही वह प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने पर भी मंथन करेंगी।

गोदियाल ने कहा कि कुमारी शैलजा अपने प्रवास के दौरान उन नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात करेंगी, जो उनसे मिलना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।

गणेश गोदियाल ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के उत्तराखंड दौरे भी प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रदेश में मानसून का दौर चल रहा है। बारिश कम होने के बाद कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से बातचीत कर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तारीख तय की जाएगी।

शुद्धिकरण विवाद पर कांग्रेस लगातार हमलावर

बता दें कि हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का धार्मिक अनुष्ठान कर शुद्धिकरण किए जाने के मामले पर कांग्रेस लगातार सरकार और भाजपा पर हमलावर है। कांग्रेस इस मामले में अनुष्ठान में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है। मल्लिकार्जुन खड़गे भी इस मुद्दे को राज्यसभा में उठा चुके हैं। अब कांग्रेस ने इसी विवाद को लेकर 7 सितंबर को मुख्यमंत्री आवास घेराव का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *