Headlines

Uttarakhand: उत्तराखंड में ‘हनुमान अंश’ टैक्स-फ्री, महेंद्र नागर ने धामी सरकार का जताया आभार

Uttarakhand: उत्तराखंड में ‘हनुमान अंश’ टैक्स-फ्री, महेंद्र नागर ने धामी सरकार का जताया आभार
शेयर करे-

Uttarakhand: बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड सरकार द्वारा टैक्स-फ्री किए जाने पर शिवाया फिल्म प्रोडक्शन के निर्माता-निर्देशक एवं राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव महेंद्र नागर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।

नागर ने कहा कि फिल्म को टैक्स-फ्री करने का निर्णय केवल एक फिल्म को प्रोत्साहन देना नहीं, बल्कि कैंची धाम की आध्यात्मिक विरासत और बाबा नीब करौरी महाराज में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने इस फैसले के माध्यम से सनातन परंपरा के प्रति सम्मान का संदेश दिया है।

नागर के मुताबिक करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनी ‘हनुमान अंश’ ने शुरुआती दौर में धीमी शुरुआत की। पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये का कारोबार किया और कई सिनेमाघरों से इसे हटाए जाने की स्थिति भी बनी। हालांकि, बाद में दर्शकों की प्रतिक्रिया, माउथ पब्लिसिटी और भंडारों के माध्यम से फिल्म को व्यापक समर्थन मिला और तीसरे सप्ताह से इसके कारोबार में तेजी आई।

फिल्म की सफलता का श्रेय नागर ने बाबा नीब करौरी महाराज की कृपा और फिल्म की टीम की मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि फिल्म अब तक 27 से 54 करोड़ रुपये के बीच कारोबार कर चुकी है और इसे ब्लॉकबस्टर सफलता मिल रही है। हालांकि, प्रेस विज्ञप्ति में दिए गए इन बॉक्स ऑफिस आंकड़ों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है।

नागर ने फिल्म में बाबा के किरदार को निभाने वाले शोभिनव सत्या के अभिनय की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि शोभिनव पहले फिल्म में सेकेंड असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर जुड़े थे। मुख्य अभिनेता की तबीयत खराब होने के बाद निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उनका पांच घंटे का ऑडिशन लिया और उन्हें मुख्य भूमिका के लिए चुना।

उन्होंने फिल्म की पूरी टीम—विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी, गुलशन पांडे, भगवानदास पटेल, राजीव मिश्रा सहित निर्माता रागिनी एस., नम्रता जी. सिंह और अनुप्रिया ए. नागर—के योगदान की भी सराहना की।

महेंद्र नागर ने फिल्म की सफलता के लिए बाबा नीब करौरी महाराज से प्रार्थना करते हुए इसके 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की कामना की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि ‘हनुमान अंश’ को पूरे देश में टैक्स-फ्री किया जाए, ताकि बाबा नीब करौरी महाराज के प्रेम, सेवा और विनम्रता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *