Headlines

Dehradun: जमरानी व सौंग बांध परियोजनाओं की समयबद्धता पर सख्त निर्देश, मुख्य सचिव ने गुणवत्ता व पुनर्वास पर दिया जोर

Dehradun: जमरानी व सौंग बांध परियोजनाओं की समयबद्धता पर सख्त निर्देश, मुख्य सचिव ने गुणवत्ता व पुनर्वास पर दिया जोर
शेयर करे-

Dehradun: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में सिंचाई विभाग द्वारा निर्माणाधीन जमरानी बांध और सौंग बांध परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति, समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि दोनों प्रोजेक्ट्स निर्धारित समय में हर हाल में पूर्ण किए जाएं।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी निविदाएं एवं आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी हों और संपूर्ण परियोजना का चरणबद्ध फ्लो-चार्ट तैयार कर प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, गुणवत्ता से कोई समझौता न हो—इसके लिए फर्स्ट पार्टी, सेकंड पार्टी और थर्ड पार्टी क्वालिटी कंट्रोल एवं मूल्यांकन नियमित रूप से कराया जाए।

उन्होंने परियोजनाओं से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास कार्य को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए कि मुआवजा, पुनर्वास और आबंटन की प्रक्रिया आपसी तालमेल और विश्वास के साथ समयबद्ध रूप से पूरी की जाए। प्रभावितों से सतत संवाद बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में सचिव सिंचाई युगल किशोर पंत ने जानकारी दी कि जमरानी बहुद्देशीय बांध परियोजना की कुल लागत ₹3,678.23 करोड़ है, जिसे जून 2029 तक पूर्ण किया जाएगा। वहीं, सौंग बांध 130.60 मीटर ऊंची, 150 एमएलडी क्षमता की गुरुत्व आधारित पेयजल परियोजना है, जिसकी लागत ₹2,524.42 करोड़ है और इसे नवंबर 2029 तक पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष सिंचाई सुभाष चंद्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *