Headlines

Dehradun: सावधान! त्योहारी सीजन में सक्रिय हुए साइबर ठग, भारी छूट और गिफ्ट ऑफर के नाम पर कर रहे लोगों को ठगी का शिकार

Dehradun: सावधान! त्योहारी सीजन में सक्रिय हुए साइबर ठग, भारी छूट और गिफ्ट ऑफर के नाम पर कर रहे लोगों को ठगी का शिकार
शेयर करे-

Dehradun: दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के दौरान जहां बाजारों में रौनक बढ़ जाती है, वहीं साइबर ठग भी सक्रिय हो जाते हैं। त्योहारों के इस मौसम में ऑनलाइन खरीदारी का चलन बढ़ने के साथ ही लोगों को आकर्षक ऑफर, भारी छूट और गिफ्ट के लालच में फंसाकर ठगने के मामले बढ़ने लगे हैं। कई राज्यों में ऐसे प्रकरण सामने आए हैं, जिनमें लोगों ने फर्जी वेबसाइट या लिंक के झांसे में आकर लाखों रुपये गंवा दिए।

उत्तराखंड में भी बीते वर्ष त्योहारी सीजन के दौरान ठगी के कई मामले दर्ज हुए थे। ठगों ने नकली वेबसाइट बनाकर सस्ते दामों पर इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं और उपहार बेचने का झांसा दिया, जिससे लोगों की बैंक संबंधी जानकारी तक पहुंच बनाकर रकम हड़प ली गई। हाल ही में देहरादून में भी कुछ मामलों में गिफ्ट हैंपर और सरप्राइज ऑफर के नाम पर ठगी की शिकायतें मिली हैं।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने इस पर सतर्कता बरतने की सलाह दी है। एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर ने कहा कि लोगों को केवल ऑथेंटिक वेबसाइट से ही ऑनलाइन खरीदारी करनी चाहिए और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए। साथ ही सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

आईजी लॉ एंड ऑर्डर नीलेश भरणे ने बताया कि त्योहारी सीजन में साइबर ठगों पर निगरानी रखी जा रही है और प्रदेशभर में साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यदि कोई ठगी का शिकार हो जाए तो तत्काल वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *