Haldwani: हल्द्वानी पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये का चोरी किया गया सामान भी बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैनुअल जांच के आधार पर दोनों मामलों का पर्दाफाश किया।
पहले मामले में रामपुर रोड स्थित बेड़ापोखरा निवासी हेमंत सिंह के घर का ताला तोड़कर लैपटॉप, एलईडी टीवी, मोबाइल फोन, सीलिंग फैन, मंदिर की पीली धातु की मूर्तियां, झूले, तांबे की आचविन समेत अन्य सामान चोरी किया गया था। वहीं दूसरे मामले में सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय परिसर से स्प्लिट एसी के आउटडोर कॉपर पाइप चोरी कर लिए गए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने रितिक बिष्ट उर्फ गोलू निवासी अल्मोड़ा और ऋषभ अग्रवाल निवासी ऊधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया। रितिक बिष्ट के खिलाफ पहले से चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी में 42 इंच की एलईडी टीवी, डेल लैपटॉप, सोनी एंड्रॉयड मोबाइल, मंदिर की मूर्तियां, पीली धातु के झूले, तांबे की आचविन, हैवेल्स सीलिंग फैन और बेस अस्पताल से चोरी किए गए एसी के कॉपर पाइप शामिल हैं।
सफल कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए 1500 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
