Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में सेवा सुशासन और समर्पण शिविर, 105 शिकायतों में 86 का मौके पर निस्तारण, 390 लोग हुए लाभान्वित

Haldwani: हल्द्वानी में सेवा सुशासन और समर्पण शिविर, 105 शिकायतों में 86 का मौके पर निस्तारण, 390 लोग हुए लाभान्वित
शेयर करे-

Haldwani: प्रदेश सरकार की जन जन के द्वार पहल के तहत ब्लॉक कार्यालय सभागार हल्द्वानी में आयोजित सेवा, सुशासन और समर्पण पखवाड़ा के बहुउद्देशीय शिविर में जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। शिविर में कुल 105 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 86 का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि 390 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने लखपति दीदी योजना को महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने वाली योजना बताते हुए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का आह्वान किया।

जनपद नैनीताल के प्रभारी सचिव एवं महिला सशक्तिकरण विभाग के सचिव चन्द्रेश कुमार यादव ने कहा कि पलायन रोकने के लिए स्वयं सहायता समूहों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं से मधुमक्खी पालन तथा मशरूम उत्पादन को अपनाकर अपनी आय बढ़ाने की अपील की। उन्होंने बताया कि नैनीताल में मशरूम की अधिकांश मांग बाहरी राज्यों से पूरी होती है, जबकि स्थानीय उत्पादन बढ़ाने की आवश्यकता है।

शिविर में सड़क, पेयजल, अतिक्रमण, रकसिया नाला, विद्युत और भूकटाव जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठीं। मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर समाधान कराया और शेष मामलों के 15 दिनों के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए। रकसिया नाले से जुड़ी समस्या पर संबंधित विभागों को सात दिनों के भीतर संयुक्त निरीक्षण कर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और लाभ वितरित किया। इस दौरान एनआरएलएम विभाग की योजनाओं पर आधारित पुस्तक का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख मंजू गौड़ ने की, जबकि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि इन शिविरों का उद्देश्य अंतिम छोर तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *