Dehradun: राजधानी देहरादून में हाल ही में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” चलाने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की गई।
बैठक में आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए जिम्मेदारियों का सख्ती से निर्धारण किया।
डीजीपी ने आईजी गढ़वाल को देहरादून की कानून-व्यवस्था की रोजाना निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं एसएसपी देहरादून को अधीनस्थ अधिकारियों की स्पष्ट टास्किंग कर उनकी जवाबदेही तय करने और क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने को कहा गया।
क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और बैरियरों पर सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से सुबह के समय पुलिसबल की उपस्थिति और सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
आईजी एसटीएफ और एसएसपी एसटीएफ को देहरादून में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पीजी और किरायेदारों का सघन सत्यापन अभियान चलाने तथा होम-स्टे गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा निर्धारित समय के बाद संचालित हो रहे बार और पब्स पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि राजधानी में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता, मुस्तैदी और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Chief Editor, Aaj Khabar
