Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आज शहरी विकास एवं जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा का भव्य स्वागत किया गया। मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद पहली बार अपने क्षेत्र पहुंचे मंत्री कैड़ा का कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने जोरदार अभिनंदन किया। जगह-जगह ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मंत्री कैड़ा ने पसोली, रोशील, गुमालगाँव, पनियामेहता, पनिया बौर, बडेत, स्युड़ा, हैड़ाखान और लुगड़ सहित कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी अपेक्षाएं भी साझा कीं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि वे राज्य और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को गति देने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, ताकि हर गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। साथ ही भीमताल की जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग और विश्वास के कारण ही उन्हें दोबारा विधानसभा में सेवा का अवसर मिला है।
कैड़ा ने कहा कि वे पार्टी द्वारा जताए गए विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।


Chief Editor, Aaj Khabar
