Nainital: कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को खुर्पाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सख्त रुख अपनाया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल के गेट पर ताला लगाने को लेकर चल रहे विवाद का मौके पर ही समाधान कर दिया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विद्यालय, राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पंचायत घर सहित जिला विकास प्राधिकरण की भूमि का भी जायजा लिया। जनसुनवाई में उठे गेट विवाद पर आयुक्त ने शिक्षा विभाग, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ वार्ता कर निर्णय लिया कि विद्यालय परिसर के गेट पर नया ताला लगाया जाएगा, जिसकी चाबी प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत और परिसर में संचालित उद्यान विभाग कार्यालय के पास रहेगी। आवश्यकता अनुसार सभी संबंधित संस्थान परिसर का उपयोग कर सकेंगे।
खुर्पाताल क्षेत्र में प्राधिकरण की भूमि पर कचरा डाले जाने पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए राजस्व विभाग को दो दिन के भीतर दोषियों की पहचान कर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, खुर्पाताल झील के किनारे 30 मीटर दायरे में बने होटल और भवनों पर भी आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही पर कार्रवाई करते हुए सहायक अभियंता और अवर अभियंता का वेतन रोकने तथा उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अवैध निर्माणों के खिलाफ तत्काल चालान करने और प्राधिकरण की जमीन पर हुए अतिक्रमण को दो दिन के भीतर हटाने के आदेश भी दिए।
स्थानीय निवासियों द्वारा पानी की समस्या उठाए जाने पर आयुक्त ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के बच्चों से भी मुलाकात की।
इस मौके पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान हंशी नेगी, जिला शिक्षा अधिकारी पी.एल. टमटा सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
