Lalkuan: राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। शनिवार को बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के पास सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान किशन चौधरी (55), निवासी नेपाल के रूप में हुई है। वह लंबे समय से मोटाहल्दू स्थित विनोद स्टोन क्रेशर में चौकीदार के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में अपने बेटे के साथ वहीं रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को किशन चौधरी बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर अचेत हो गया।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों ने लालकुआं पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
किशन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि गोरापड़ाव से हल्दूचौड़ के बीच हाईवे पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और कई दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जाने से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
इधर, पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ अभियोग दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
