Nainital: कैंची धाम समेत कुमाऊं के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर वीकेंड के दौरान उमड़ी भारी भीड़ से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। पिछले दो दिनों में 35 हजार से अधिक वाहनों के पर्वतीय क्षेत्रों की ओर रवाना होने के बाद कई स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ गया। इसे देखते हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने पर्यटकों, श्रद्धालुओं और जिला प्रशासन से यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने की अपील की है।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि वीकेंड और अवकाश के दौरान नैनीताल, कैंची धाम समेत अन्य पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। प्रशासन और पुलिस की ओर से पहले से तैयारियां किए जाने के बावजूद अप्रत्याशित भीड़ के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से अपील की कि नैनीताल, कैंची धाम या अन्य पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों की यात्रा से पहले होटल, होमस्टे अथवा अन्य ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। बिना ठहरने की व्यवस्था के यात्रा करने पर पर्यटकों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और स्थानीय स्तर पर भी व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव बढ़ता है।
सांसद भट्ट ने कहा कि बाबा नीम करोली महाराज के देश-विदेश में लाखों श्रद्धालु हैं और कैंची धाम में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वीकेंड और अवकाश के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में अचानक वृद्धि होने से यातायात, पार्किंग और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ जाता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से जिला प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करने तथा यात्रा से पहले ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही जिला प्रशासन से भीड़ के दबाव को देखते हुए यातायात प्रबंधन को और प्रभावी बनाने पर जोर देने को कहा।
अजय भट्ट ने कहा कि एसएसपी सहित पुलिस अधिकारी व्यवस्थाओं को संभालने के लिए तत्पर हैं, लेकिन लगातार बढ़ रही भीड़ के कारण यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है। ऐसे में पर्यटकों और श्रद्धालुओं का सहयोग भी बेहद जरूरी है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
