Haldwani: नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें शहर के विकास और व्यवस्थाओं को लेकर कुल 20 महत्वपूर्ण प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए। बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था के नाम पर हो रही अवैध वसूली का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
महापौर ने स्पष्ट निर्देश देते हुए नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार का यूजर चार्ज नगर निगम कर्मचारियों, पर्यावरण मित्रों या अन्य माध्यमों को न दें, बल्कि केवल अधिकृत बैनी सेना को ही भुगतान करें और उसकी विधिवत रसीद अवश्य लें। उन्होंने निगम प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि कोई भी कार्मिक अवैध वसूली करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी सामने आया कि कुछ पर्यावरण मित्र बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्यस्थल से अनुपस्थित हो जाते हैं। इस पर निर्णय लिया गया कि अब संबंधित क्षेत्र के पार्षद द्वारा मासिक उपस्थिति प्रमाणित किए जाने के बाद ही कर्मचारियों का वेतन जारी किया जाएगा। जिनकी उपस्थिति प्रमाणित नहीं होगी, उनका वेतन रोका जाएगा।
महापौर ने शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक माह की समयसीमा तय करते हुए निर्देश दिए कि हर घर तक नियमित रूप से कूड़ा वाहन पहुंचे। किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करनी होगी।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित ₹216 करोड़ के बजट पर भी चर्चा की गई। इसमें कार्यकारिणी समिति का गठन, राजपुरा में सार्वजनिक शौचालय निर्माण, नगर निगम दुकानों के किराए में वृद्धि, फ्रेश वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना, जजी कोर्ट के पास आंचल मिल्क कैफे खोलने, यूजर चार्ज बढ़ाने, 10 हजार आवारा कुत्तों के बंध्याकरण कार्यक्रम और जेसीबी मशीन खरीद जैसे प्रस्ताव शामिल रहे।
इसके अलावा पार्षदों ने इंडियन गैस वितरण में आ रही समस्याओं को भी उठाया। महापौर ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित गैस सेवा के प्रतिनिधि को तलब कर समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तोलिया, सहायक लेखाधिकारी, कर अधीक्षक सहित सभी पार्षद मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
