Headlines

Champawat: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में ₹36.83 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास, 100 फीट तिरंगे का भी अनावरण

Champawat: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में ₹36.83 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास, 100 फीट तिरंगे का भी अनावरण
शेयर करे-

Champawat: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के समग्र विकास को नई दिशा देते हुए ₹36.83 करोड़ की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें ₹7.12 करोड़ लागत की 4 योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से विकास का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचेगा और चम्पावत तेजी से “आदर्श जनपद” के रूप में स्थापित होगा। इस अवसर पर गांधी चौक में 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का भी विधिवत अनावरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करता है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने का संकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जनपद में ₹117 करोड़ से अधिक की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है, साथ ही ₹5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में बच्चों को आधुनिक ज्ञान से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

उन्होंने कहा कि खेल क्षेत्र में बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट और ₹8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम भवन का निर्माण भी किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और कहा कि सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Champawat

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *