Haldwani: महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी में आयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने एक दिवसीय करियर काउंसलिंग एक्सपो कार्यशाला का दीप प्रज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को करियर चयन को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स देते हुए उन्हें अपने भविष्य को लेकर जागरूक और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि यदि किसी के भीतर सीखने की तीव्र इच्छा और जिज्ञासा हो, तो वह जीवन में किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकता है। उन्होंने छात्राओं से अपने रुचि और जुनून के अनुसार करियर चुनने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा क्षेत्र चुनें जिसमें वे समाज को भी बेहतर योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि करियर केवल आजीविका का साधन नहीं होना चाहिए, बल्कि यह व्यक्तिगत संतुष्टि और समाज सेवा का माध्यम भी बनना चाहिए। आत्म-जागरूकता, सकारात्मक दृष्टिकोण और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी हैं।
आयुक्त ने करियर एक्सपो में आयोजित साइकोलॉजी टेस्ट की जानकारी देते हुए बताया कि इस परीक्षण के माध्यम से छात्राओं की रुचि, व्यक्तित्व, तर्क क्षमता और कार्यशैली का मूल्यांकन किया जाता है, जिससे उनके लिए उपयुक्त करियर विकल्पों की पहचान संभव हो पाती है। उन्होंने सभी छात्राओं से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य डॉ. आभा शर्मा ने कहा कि छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पहली बार इस करियर एक्सपो का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि एक्सपो में सरकारी और गैर-सरकारी विभागों द्वारा 23 स्टॉल लगाए गए हैं, जहां छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों की जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी बसंती राणा और नीमा बिष्ट को सम्मानित किया गया, जिन्होंने हजारों महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से छात्राओं को करियर और रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस दौरान निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. बीएन खाली, मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. नवीन चंद लोहनी, एमबीपीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएन बनकोटी, प्रो. रश्मि पंत सहित कॉलेज की छात्राएं और स्टाफ मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
