Bhimtal: भीमताल विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य योजना के तहत 7 प्रमुख पुल परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है। कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से इन कार्यों के लिए कुल 8.74 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
स्वीकृत परियोजनाओं के तहत भीमताल, भवाली, चांफी, पदमपुरी, खनस्यूं और पतलोट क्षेत्र में पुराने पुलों का नवनिर्माण, चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और क्लास-ए लोडिंग क्षमता में परिवर्तन किया जाएगा। इन कार्यों का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है।
रानीबाग-भीमताल मार्ग पर भीमताल बाजार थाने के पास पुराने क्लास-बी पुल के स्थान पर 180.28 लाख रुपये की लागत से नया डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु बनाया जाएगा। वहीं खुटानी-चांफी मार्ग के घिंघरानी गधेरा में 143.93 लाख रुपये की लागत से डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु का निर्माण होगा।
धानाचूली-खनस्यूं-पतलोट मार्ग पर काफली गधेरा के पास 140.82 लाख रुपये की लागत से 21 मीटर लंबा डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु बनाया जाएगा। इसी मार्ग पर अनरबन गधेरा के पास 126.71 लाख रुपये की लागत से नया डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु बनेगा।
गोंगड़ा गधेरा के पास मौजूदा पुल को क्लास-ए लोडिंग में बदलने के लिए 57.97 लाख रुपये के तकनीकी कार्य किए जाएंगे। खुटानी-पदमपुरी मार्ग के पदमपुरी में मौजूदा पुल की क्षमता क्लास-बी से क्लास-ए करने के लिए 108 लाख रुपये की लागत से निरीक्षण, टेस्टिंग, स्ट्रक्चरल एनालिसिस और रीडिजाइन का कार्य होगा।
इसके अलावा खुटानी-भवाली मार्ग पर खुटानी तिराहे के पास पुराने क्लास-बी पुल के स्थान पर 106.47 लाख रुपये की लागत से डबल लेन क्लास-ए मोटर सेतु का निर्माण किया जाएगा।
इन पुलों की भार वहन क्षमता बढ़ने से भारी वाहनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। इसका सीधा लाभ स्थानीय काश्तकारों, फल-सब्जी उत्पादकों और व्यापारियों को मिल सकता है, जिन्हें अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। पर्यटन सीजन के दौरान भीमताल और भवाली क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी इन परियोजनाओं की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
क्षेत्र में विकास कार्यों को स्वीकृति मिलने पर स्थानीय लोगों ने कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
