Dehradun: उत्तराखंड भाजपा में नए प्रदेश प्रभारी राम माधव की नियुक्ति के बाद शनिवार को देहरादून में संयुक्त मोर्चा और विभिन्न प्रकोष्ठों की अहम बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत प्रदेशभर के वरिष्ठ पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैठक के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के अनुभव को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश प्रभारी राम माधव का लंबा सामाजिक और राजनीतिक अनुभव रहा है। जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक संगठन में काम करने का उनका व्यापक अनुभव उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा देने के साथ संगठन को आगे बढ़ाने में मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
सीएम धामी ने सह प्रभारियों के अनुभव की भी सराहना की। उन्होंने अरविंद मेनन के सांगठनिक अनुभव और सांसद बांसुरी स्वराज के युवा एवं महिला नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके जुड़ने से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि तीनों नेताओं की सक्रियता से प्रदेश में भाजपा संगठन को और मजबूती मिलेगी।
राम माधव को हाल ही में उत्तराखंड भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नियुक्ति के बाद यह पहला अवसर रहा, जब तीनों नेताओं ने प्रदेश भाजपा के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में प्रदेश संगठन के कामकाज, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की भूमिका तथा पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ और जमीनी स्तर तक पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई। समाज के अलग-अलग वर्गों के बीच संगठन की पहुंच मजबूत करने और प्रकोष्ठों की सक्रियता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी को सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना गया। प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों और प्रकोष्ठों के संयोजकों के साथ हुई इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में भाजपा के 22 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक भी शामिल हुए। इनके अलावा संकुल के समन्वयक और सह समन्वयक भी मौजूद रहे। बैठक के माध्यम से विभिन्न प्रकोष्ठों के कामकाज, उनकी सक्रियता और प्रदेश संगठन के साथ बेहतर तालमेल को लेकर चर्चा की गई।


Chief Editor, Aaj Khabar
