Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में गर्दन की मालिश के बाद 24 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने पहलवान पर लगाया गर्दन चटकाने का आरोप

Haldwani: हल्द्वानी में गर्दन की मालिश के बाद 24 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने पहलवान पर लगाया गर्दन चटकाने का आरोप
शेयर करे-

Haldwani: दमुवादूंगा क्षेत्र में 24 वर्षीय मीनाक्षी की अचानक मौत के मामले में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों के अनुसार मीनाक्षी लंबे समय से गर्दन के दर्द से परेशान थी और उसका उपचार सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था। इसी बीच वह कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारे के पास एक पहलवान के यहां गर्दन की मालिश कराने पहुंची थी।

आरोप है कि मालिश के दौरान कथित तौर पर उसकी गर्दन जोर से चटकाई गई, जिसके बाद मीनाक्षी की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की जानकारी दी।

मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी मीनाक्षी वर्तमान में अपने पति रामचंद्र के साथ दमुवादूंगा में रहती थी। बताया गया है कि वह पिछले करीब चार-पांच महीनों से गर्दन के दर्द का उपचार करा रही थी। परिजनों के मुताबिक लोगों की सलाह पर रामचंद्र उसे कालाढूंगी रोड स्थित नईम पहलवान के पास मालिश कराने लेकर पहुंचे थे।

मीनाक्षी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।

वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले का संज्ञान लिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत और अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी हल्द्वानी डॉ. रजत भट्ट के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम संबंधित दुकान पर पहुंची, लेकिन मौके पर दुकान बंद मिली। इसके बाद टीम बेस चिकित्सालय पहुंची और मीनाक्षी से संबंधित चिकित्सकीय जानकारी जुटाई।

हालांकि, मीनाक्षी की मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण क्या था और गर्दन चटकाने की घटना का मौत से कोई सीधा संबंध था या नहीं, यह जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अभी तक इस संबंध में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तथ्यात्मक जानकारी जुटाने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता के उपचार करने वाले व्यक्तियों और अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने को कहा गया है।

घटना के बाद अनधिकृत उपचार करने वालों की निगरानी और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मीनाक्षी की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और इस घटना में किसी की जिम्मेदारी बनती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *