Headlines

Dehradun में वकील सोहेल हारून हत्याकांड का खुलासा: 10 घंटे में गिरफ्तार हुआ छोटा भाई शाहिद, 10 लाख रुपये और नशे की लत बना हत्या की वजह

Dehradun में वकील सोहेल हारून हत्याकांड का खुलासा: 10 घंटे में गिरफ्तार हुआ छोटा भाई शाहिद, 10 लाख रुपये और नशे की लत बना हत्या की वजह
शेयर करे-

Dehradun: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित भुड्डी गांव में वकील सोहेल हारून की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 10 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि मृतक का 21 वर्षीय छोटा भाई शाहिद हारून ही हत्यारा निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी शाहिद नशे का आदी था और अपने महंगे शौक पूरे करने के लिए अक्सर परिवार से पैसे मांगता था। कुछ समय पहले उसने अपने पिता के बैंक खाते से एटीएम के माध्यम से करीब 10 लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए थे। इस बात को लेकर बड़े भाई सोहेल हारून से उसका विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर सोहेल ने उसकी पिटाई भी की थी, जिसके बाद शाहिद ने अपने भाई की हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना से दो दिन पहले आरोपी ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग बंद कर दी थी। 14 जून की रात मौका मिलते ही उसने अपने पास मौजूद 32 बोर की देशी पिस्टल से सोहेल को गोली मार दी। हत्या के बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर में अज्ञात हमलावर के घुसने की झूठी कहानी बनाई।

जांच के दौरान पुलिस को शाहिद के बयान लगातार बदलते हुए मिले, जिससे उस पर शक गहराता गया। घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने के साक्ष्य नहीं मिले। वहीं घर के बाथरूम से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त देशी पिस्टल भी बरामद कर ली। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर शाहिद ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने हत्या के बाद लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ग्रामीणों के साथ मिलकर सोहेल के शव को देहरादून-पोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर प्रदर्शन और जाम लगाने की भी कोशिश की, ताकि जांच की दिशा बदल सके। इस मामले में पुलिस ने जाम लगाने और कानून-व्यवस्था बाधित करने के आरोप में संबंधित लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है।

मृतक सोहेल हारून अपने माता-पिता और परिवार के साथ भुड्डी गांव में रहते थे। करीब 20-25 दिन पहले उनके माता-पिता हज यात्रा पर गए हुए थे, जिसके कारण घर में केवल दोनों भाई ही मौजूद थे। इसी दौरान शाहिद ने अपने बड़े भाई की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *