Uttarakhand: उत्तराखंड के ऋषिकेश में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां दिल्ली से घूमने आए एक युवा दंपति गंगा नदी में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बचाव अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के जय विहार नगली, उत्तम नगर निवासी 30 वर्षीय मनीष आर्य अपनी 28 वर्षीय पत्नी जानकी और अन्य साथियों के साथ ऋषिकेश घूमने पहुंचे थे। घूमने के दौरान वे चंद्रेश्वर नगर श्मशान घाट के निकट गंगा तट पर पहुंचे, जहां दंपति स्नान करने के लिए नदी में उतर गए।
बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अचानक दोनों गंगा की गहराई और तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते बहने लगे। उन्हें बचाने के लिए उनके एक साथी ने भी नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी तेज धारा में फंस गया।
घटना को देख स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद साथी युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि मनीष और जानकी तेज बहाव में बहकर आंखों से ओझल हो गए और उनका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलने पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने काफी देर तक गंगा में दोनों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। बचाव दल द्वारा खोज अभियान जारी रखा गया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
