Dehradun: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड, गढ़ी कैंट में आयोजित भव्य समारोह में 210 किलोमीटर लंबे दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया। इस परियोजना के शुरू होने के साथ ही अब दिल्ली से देहरादून की दूरी महज 2 घंटे 30 मिनट में तय की जा सकेगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत बैसाखी और बिहू पर्व की शुभकामनाओं के साथ करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में चारधाम यात्रा भी शुरू होने वाली है और यह कॉरिडोर श्रद्धालुओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब अपने विकास के नए चरण में प्रवेश कर चुका है और यह एक्सप्रेस-वे राज्य की प्रगति का अहम आधार बनेगा।
प्रधानमंत्री ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि उनकी सरकार के फैसले संविधान की गरिमा को मजबूत करने वाले रहे हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय, समान अवसर और गरीब कल्याण को सरकार की प्राथमिकता बताया।
उन्होंने कहा कि देश में तेजी से विकसित हो रहे सड़क, रेल, रोपवे और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट अब “राष्ट्र की भाग्य रेखाएं” बनते जा रहे हैं। वर्ष 2014 के मुकाबले आज इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च कई गुना बढ़ चुका है और उत्तराखंड में भी बड़े पैमाने पर विकास कार्य हो रहे हैं। गांव-गांव तक सड़क पहुंचने से पहाड़ों के जीवन में नया बदलाव आया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कॉरिडोर से यात्रा समय कम होगा, ईंधन की बचत होगी और परिवहन लागत भी घटेगी। इससे किसानों को अपने उत्पाद तेजी से बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, वहीं पर्यटन क्षेत्र को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। उत्तराखंड अब “बारामासी पर्यटन” की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए बताया कि इस कॉरिडोर में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए 12 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया गया है। साथ ही उन्होंने देवभूमि की स्वच्छता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि तीर्थ स्थलों को साफ-सुथरा रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

प्रधानमंत्री ने महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने के लिए पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और देश के विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा को याद करते हुए वीर सैनिकों के योगदान को सराहा और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि देशभक्ति, देवभक्ति और विकास को साथ लेकर भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड इस यात्रा का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है।


Chief Editor, Aaj Khabar
