Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास विभाग द्वारा आयोजित शहर से संवाद कार्यक्रम में राज्य के सभी नगर निगम और नगर पालिकाओं के जनप्रतिनिधियों से विस्तारपूर्वक बातचीत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला स्वयं सहायता समूहों की सहायता के लिए तीन नए वेब पोर्टल लॉन्च किए और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने नगर निकायों के कार्यालयों को डिजिटल करने, रजत जयंती पार्क बनाने, नगर निकायों में वेंडिंग जोन स्थापित करने और भारत सरकार से टाइड फंड को अनटाइड करने का अनुरोध करने की घोषणा की। इसके अलावा, राज्य की प्रत्येक नगर निगम में 10, नगर पालिका में 5 तथा नगर पंचायत में 3 हाई-टेक हेयर सैलून/पार्लर स्थापित करने के लिए स्थानीय महिला एवं पुरुषों को प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम चलाने की भी घोषणा की गई।
सीएम धामी ने कहा कि नगर निकाय किसी भी शहर की आत्मा हैं और उनकी जिम्मेदारी केवल सत्ता में बने रहना नहीं बल्कि जनता की सेवा करना है। उन्होंने मातृ शक्ति को राज्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि माताएं-बहनें उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने शहरों में जल निकासी, कचरा प्रबंधन और ट्रैफिक जाम जैसी चुनौतियों को लेकर भी नगर निकायों से विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार नगर निकायों को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है और केंद्र की योजनाओं जैसे स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना को प्रभावी रूप से लागू किया जा रहा है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में देश में शीर्ष पर है और बेरोजगारी दर में भी उल्लेखनीय कमी लाई गई है। साथ ही राज्य में सख्त भू-कानून, समान नागरिक संहिता और भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति लागू की गई है।
कार्यक्रम में मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल सहित सभी नगर निगमों के मेयर, नगर पालिकाओं के अध्यक्ष, सचिव एवं अधिकारियों के साथ 100 से अधिक स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

