Headlines

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारियों संग वर्चुअल बैठक में दिए विकसित उत्तराखण्ड के लिए निर्देश

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जिलाधिकारियों संग वर्चुअल बैठक में दिए विकसित उत्तराखण्ड के लिए निर्देश
शेयर करे-

Dehradun: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को अपने शासकीय आवास से सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने ‘विकसित भारत-2047’ के दृष्टिकोण को साकार करने हेतु उत्तराखण्ड में ग्राम स्तर से लेकर जिला स्तर तक योजनाबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूर्ण करने की दिशा में हर क्षेत्र में तीव्र गति से कार्य हो।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने प्रत्येक जनपद में जनहित से जुड़ी 5-5 सर्वश्रेष्ठ प्रथाओं और नवाचारों पर काम करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य में सबसे पहले टीबी मुक्त घोषित होने वाले तीन जनपदों को पुरस्कृत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए 5 जून से 25 जुलाई तक विशेष पौधारोपण अभियान चलाने के निर्देश दिए। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को विशेष रूप से प्रोत्साहित करने की बात कहते हुए उन्होंने प्लास्टिक मुक्त उत्तराखण्ड के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। जलस्रोतों के संरक्षण और अमृत सरोवरों की कार्यप्रगति की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए गए।

भारतीय मौसम विभाग द्वारा आगामी मानसून सत्र में औसत से अधिक वर्षा की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने नालों की सफाई, पेयजल व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और सड़कों की स्थिति को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डेंगू, मलेरिया और कोरोना जैसे रोगों की रोकथाम के लिए भी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।

आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट मोड में रखने, टोल-फ्री नंबरों को सक्रिय बनाए रखने और चारधाम यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर व्यापक प्रचार-प्रसार और योग शिविरों के आयोजन पर बल दिया। 15 जून को कैंची धाम स्थापना दिवस को देखते हुए ट्रैफिक और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने अवैध दस्तावेजों (आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि) के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने तथा भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड हेतु 1064 हेल्पलाइन के प्रचार को प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए।

“एक जनपद दो उत्पाद” योजना पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्होंने स्थानीय उत्पादों को सरकारी आयोजनों में प्राथमिकता देने की बात कही। मुख्यमंत्री घोषणाओं की नियमित समीक्षा, लैंड बैंक की स्थिति पर सतर्कता, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और वनाग्नि प्रबंधन हेतु सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने की बात भी बैठक में प्रमुख रूप से उठाई गई।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, एमडीडीए के उपाध्यक्ष श्री बंशीधर तिवारी, कुमाऊं आयुक्त श्री दीपक रावत सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।

Dehradun

For latest news updates click here

For English news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *