Rudraprayag: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह अपने परिवार के साथ पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान केदारनाथ के दिव्य दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत रुद्राभिषेक पूजा कर देश, प्रदेश और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने यात्रा व्यवस्थाओं की भूरि-भूरि सराहना करते हुए उत्तराखंड सरकार और बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह 7 बजे केदारनाथ हेलीपैड पर पहुंचीं, जहां बीकेटीसी और केदार सभा के पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे मंदिर परिसर पहुंचीं और विधिविधान से पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने मुख्यमंत्री को भगवान केदारनाथ का प्रसाद, रुद्राक्ष माला और विभूति भेंट की।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि यह यात्रा अत्यंत भावविभोर करने वाली रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान केदारनाथ के दर्शन से आत्मिक शांति प्राप्त होती है और यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा अद्भुत है। उन्होंने यात्रा को अविस्मरणीय अनुभव बताया और कहा कि यात्रा व्यवस्था, सुरक्षा और सेवाओं का प्रबंधन उत्कृष्ट है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। रविवार को वे अपने परिवार के साथ हरिद्वार पहुंचीं थीं, जहां हरकी पैड़ी पर गंगा सभा द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने वहां गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना भी की।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

