Headlines

Khatima: खटीमा पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए ब्लैकमेलिंग करने वाले गैंग का किया भंडाफोड़, महिला समेत तीन गिरफ्तार

Khatima
शेयर करे-

Khatima: सीमांत क्षेत्र खटीमा में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। खटीमा कोतवाली पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए लोगों को ब्लैकमेल कर धन वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और 1300 रुपए नकद भी बरामद किए हैं।

खटीमा निवासी एक पीड़ित व्यक्ति ने 23 मई 2025 को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक महिला ने उसे बहला-फुसला कर अज्ञात स्थान पर बुलाया, जहां उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर डेढ़ लाख रुपए और अन्य सामान की वसूली की गई। इस शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धारा 308(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।

एसएसपी के निर्देश पर कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान इलाके में लगे 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और पीड़ित द्वारा दिए गए मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। इसके आधार पर पुलिस ने 1 जून 2025 को नानकमत्ता के गला बाग मच्छी झाला इलाके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेंद्र सिंह उर्फ राजू लंगड़ा (निवासी भड़ा भुडिया, थाना खटीमा), गुरदयाल सिंह उर्फ बग्गी (निवासी बिडोरा मझोला, थाना नानकमत्ता) और एक महिला (निवासी भड़ा भुडिया, थाना खटीमा) के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गैंग के तीन अन्य सदस्यों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के सदस्य पहले भी चार अन्य लोगों को इसी तरह ब्लैकमेल कर चुके हैं। गिरोह महिलाओं के माध्यम से लोगों को फंसाकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाता था और फिर सामाजिक प्रतिष्ठा का भय दिखाकर उनसे मोटी रकम वसूलता था।

कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ खटीमा, नानकमत्ता और सितारगंज थानों में पूर्व से ही आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और अनैतिक देह व्यापार जैसी धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनके मोबाइल फोन से अन्य कई आपत्तिजनक वीडियो भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।

इस मामले की जांच कर रही टीम में इंस्पेक्टर मनोहर सिंह दसौनी, निरीक्षक विनोद जोशी, उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह रंसवाल, उपनिरीक्षक किशोर पंत, कांस्टेबल नवीन खोलिया, कांस्टेबल कमल पाल और महिला कांस्टेबल सुनीता रावत शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गैंग के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।

Khatima

For latest news updates click here

For English news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *