Dehradun: उत्तराखण्ड की पत्रकारिता जगत से एक अत्यंत दुखद समाचार सामने आया है। वरिष्ठ पत्रकार, दैनिक जागरण के राज्य ब्यूरो प्रमुख और उत्तरांचल प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष श्री विकास धूलिया का आकस्मिक निधन हो गया है। उनके निधन से पूरे पत्रकार समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
विकास धूलिया का पार्थिव शरीर फिलहाल देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल में रखा गया है। जैसे ही उनके निधन का समाचार फैला, उनके सहयोगी, शुभचिंतक और पत्रकारिता से जुड़े अनेक लोग अस्पताल पहुंचने लगे।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ पत्रकार श्री विकास धूलिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है।
महानिदेशक सूचना श्री बंशीधर तिवारी ने भी श्री धूलिया के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें ईमानदार, प्रतिबद्ध और संवेदनशील पत्रकार बताया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
विकास धूलिया को एक निष्पक्ष, जुझारू और ईमानदार पत्रकार के रूप में जाना जाता था। उन्होंने उत्तराखण्ड की पत्रकारिता में दीर्घकाल तक सक्रिय भूमिका निभाई और राज्य की सामाजिक, राजनीतिक तथा सांस्कृतिक गतिविधियों पर उनकी गहरी पकड़ रही। वे पत्रकार हितों की प्रभावशाली आवाज रहे और उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष के रूप में पत्रकारों की समस्याओं को उठाने में सदैव अग्रणी रहे।
उनके निधन को उत्तराखण्ड की पत्रकारिता के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। अनेक वरिष्ठ पत्रकारों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

