Rudraprayag: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तराखंड के चारधामों में से एक केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि और समय की विधिवत घोषणा कर दी गई। बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में धार्मिक विधि-विधान के साथ यह निर्णय लिया गया।
घोषणा के अनुसार वर्ष 2026 में भगवान केदारनाथ के कपाट 22 अप्रैल (बुधवार) प्रातः 8 बजे वृष लग्न में श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तिथि की घोषणा की।
इसी के साथ उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। शासन-प्रशासन स्तर पर यात्रा मार्ग, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यवस्थाओं को लेकर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।
वहीं, बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को प्रातः 6:15 बजे विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे, जिसकी घोषणा पूर्व में की जा चुकी है।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की आधिकारिक तिथि अभी घोषित नहीं हुई है। परंपरा के अनुसार अक्षय तृतीया के दिन ही इन दोनों धामों के कपाट खोले जाते हैं और इसी दिन से चारधाम यात्रा का शुभारंभ होता है। इस वर्ष अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को पड़ रही है, हालांकि अंतिम तिथि की औपचारिक घोषणा अभी शेष है।

Chief Editor, Aaj Khabar
