Headlines

Haldwani: आभूषण बनवाने के नाम पर रकम लेकर गायब हुआ मुखानी का सुनार दिल्ली से बरामद, सोने के बढ़े दाम से नुकसान का दिया हवाला

Haldwani: आभूषण बनवाने के नाम पर रकम लेकर गायब हुआ मुखानी का सुनार दिल्ली से बरामद, सोने के बढ़े दाम से नुकसान का दिया हवाला
शेयर करे-

Haldwani: आभूषण बनाने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपों के बीच लापता हुए सर्राफा कारोबारी को पुलिस ने दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। कारोबारी को थाना मुखानी लाकर आरोप लगाने वाले लोगों के साथ आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई गई, जिसके बाद गबन और ठगी की आशंका गलत साबित हुई।

थाना प्रभारी मुखानी सुशील जोशी ने बताया कि लामाचौड़ निवासी महिला ने अपने पति के अचानक गायब होने पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। महिला ने बताया था कि उसके पति पर कुछ लोगों ने नकद रकम और गहने लेकर गायब होने का आरोप लगाया है। कारोबारी की स्कूटी लामाचौड़ क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली थी, जिससे मामला संदिग्ध हो गया था।

पुलिस ने कारोबारी के मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे दिल्ली से बरामद कर लिया गया। आवश्यक लिखापढ़ी के बाद उसे उसकी पत्नी के सुपुर्द कर दिया गया।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि जिन लोगों ने पैसे और जेवर गबन का आरोप लगाया था, उन्हें थाने बुलाकर कारोबारी से आमना-सामना कराया गया। कारोबारी ने अपना लेखा-जोखा दिखाते हुए बताया कि कई लोगों से उसकी लेनदारी थी और कुछ को रकम वापस करनी थी। उसने जिनके पैसे और जेवर लंबित हैं, उन्हें लौटाने की सहमति भी दी है।

प्रारंभिक जांच में गबन या ठगी का मामला सामने नहीं आया है। कारोबारी ने यह भी बताया कि सोने के दाम अचानक बढ़ने से उसे आर्थिक नुकसान हो रहा था, क्योंकि उसने पहले के रेट पर ज्वैलरी बनाने के लिए रकम ली थी। पुलिस ने फिलहाल मामले को लेनदेन विवाद मानते हुए आवश्यक कार्यवाही की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *