Haldwani: हल्द्वानी क्षेत्र के नवाबी रोड चौराहे के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्थानीय कारोबारी नरेश चंद्र तिवारी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिख रहा है कि एक ई-रिक्शा तेज गति से आता है और सड़क पार कर रहे नरेश चंद्र तिवारी को सीधी टक्कर मार देता है। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें बेस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी मीना पांडे हल्द्वानी एलआईयू में तैनात बताई जा रही हैं।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
