Rudrapur: सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गांधी पार्क में आयोजित उधमसिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला-2026 का फीता काटकर भव्य शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद में 295.21 करोड़ रुपये की लागत से 61 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर रुद्रपुर को बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने 123.91 करोड़ रुपये की लागत के 26 कार्यों का लोकार्पण किया, जिनमें चिकित्सा, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम रुद्रपुर, पशुपालन, संस्कृति, सिंचाई, खेल, शिक्षा, नगर पंचायत सुल्तानपुर पट्टी और नगर पालिका परिषद बाजपुर से जुड़े कार्य शामिल रहे। वहीं 171.30 करोड़ रुपये की लागत से 35 कार्यों का शिलान्यास किया गया, जिनमें लोनिवि, नगर निगम रुद्रपुर, शिक्षा विभाग एवं ग्रामीण निर्माण विभाग की महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए भव्य शिव प्रतिमा की स्थापना, नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा में आवास निर्माण, भूरारानी एवं गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंदिरा कॉलोनी तक सड़क निर्माण तथा गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को 2 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किए जाने की घोषणा प्रमुख रही।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया तथा कांवड़ियों के चरण पखारकर उनका अभिनंदन किया। त्रिशूल चौक से गांधी पार्क तक आयोजित शिव बारात में भी उन्होंने सहभागिता की, जहां विभिन्न संगठनों एवं जनता ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। रुद्रपुर बाईपास, चार लेन सड़कों का निर्माण, मास्टर ड्रेनेज प्लान, पिंक टॉयलेट, कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और एडवांस कूड़ा प्रबंधन प्लांट जैसी परियोजनाएं शहर की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ कर रही हैं। किच्छा में एम्स ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर हवाईअड्डे के उन्नयन और इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी जैसी योजनाएं रोजगार और औद्योगिक विकास को गति देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने बंगाली समाज को नजूल भूमि पर मालिकाना हक दिलाने, जाति प्रमाण पत्र से ‘पूर्वी पाकिस्तान से विस्थापित’ शब्द हटाने जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। साथ ही धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता लागू करने, 250 से अधिक अवैध मदरसों पर कार्रवाई, देश का सख्त नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति से पारदर्शी शासन सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई तथा 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा गया। आईएएस और पीसीएस स्तर सहित 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सरस मेले में विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों की सराहना की तथा प्रथम दिवस की स्टार नाइट में शिव जागरण का दीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया।

Chief Editor, Aaj Khabar
