Rudraprayag: हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में इन दिनों आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। 30 अप्रैल तक करीब ढाई लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इसी क्रम में शुक्रवार 1 मई को देश के प्रमुख उद्योगपति गौतम अडानी अपनी पत्नी प्रीति अडानी के साथ केदारनाथ धाम पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, अडाणी समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन गौतम अडानी सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे, जहां से वे निजी हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारनाथ धाम पहुंचे। धाम पहुंचकर उन्होंने विधि-विधान से बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि, शांति, विकास और जनकल्याण की कामना की।
अडानी दंपति के आगमन पर मंदिर समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया गया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में उन्हें देखने की उत्सुकता भी देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रही और प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया कि वीआईपी मूवमेंट के बावजूद आम श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था प्रभावित न हो।
इस दौरान वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती ने जानकारी दी कि गौतम अडानी ने अपने परिवार के साथ दर्शन करने के साथ-साथ सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित रोपवे परियोजना का एरियल सर्वे भी किया।
गौरतलब है कि इस महत्वाकांक्षी रोपवे परियोजना का निर्माण अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। लगभग 12.9 किलोमीटर लंबे इस रोपवे के निर्माण के बाद केदारनाथ की करीब 9 घंटे की पैदल यात्रा सिमटकर मात्र 36 मिनट की रह जाएगी। यह रोपवे दुनिया के सबसे ऊंचे और लंबे रोपवे में शामिल होगा, जिससे तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।


Chief Editor, Aaj Khabar
